
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। पूर्व माध्यमिक शाला बीरूटोला में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और विद्यालय के प्रति सहभागिता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बाल केबिनेट का गठन किया गया है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बाल केबिनेट की भूमिका, कार्यप्रणाली और महत्व की जानकारी दी गई। गठन प्रक्रिया से पहले शिक्षक पीताम्बर सिंह राजपूत ने बच्चों को बताया कि सामूहिक सहभागिता और जिम्मेदारी के माध्यम से विद्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है। इसके बाद प्रत्येक कक्षा से विद्यार्थियों को बाल सांसद के रूप में चयनित किया गया। छह विद्यार्थियों के समूह से एक बाल सांसद चुना गया। चयनित बाल सांसदों ने आपसी सहमति से बाल केबिनेट तथा विभिन्न पदों के लिए विद्यार्थियों का चयन किया। नवगठित बाल केबिनेट में विरांगना को प्रधानमंतत्री, विकास को उपप्रधानमंत्री, मोनिका को शिक्षा मंत्री, मनस्वी को उप-शिक्षा मंत्री, कुमार को वन मंत्री, लुसी को उपवन मंत्री, करूणा को स्वास्थ्य मंत्री, भावना को उप स्वास्थ्य मंत्री, नीतिन को खेल मंत्री, आशी को उपखेल मंत्री तथा त्रिवेणी को सांस्कृतिक एवं साहित्यिक मंत्री चुना गया है। प्रधान पाठिका ऊषा वासनिक ने नवगठित बाल केबिनेट के सदस्यों को पद एवं कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। बाल केबिनेट के गठन में शिक्षक बद्री साहू, परस यादव, बबीता जोशी और अनुराधा चंदेल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। शिक्षकों ने भी नवगठित बाल केबिनेट के सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।