बाजार अतरिया में रवि फसलों की खरीदी शुरू

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। क्षेत्र की प्राथमिक सेवा सहकारी समिति में बुधवार से रबी सीजन की दलहन तिलहन फसलों की खरीदी प्रारंभ हो गई। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण (PM-AASHA) योजना के तहत शुरू हुई इस प्रक्रिया का शुभारंभ पूजा अर्चना के साथ किया गया। पहले ही दिन किसान अपनी उपज लेकर केंद्र पहुंचे और समर्थन मूल्य पर चना बेचकर खरीदी का आगाज किया। कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष घम्मन साहू, जिला पंचायत सभापति ललित चोपड़ा, जिला पंचायत प्रतिनिधि नरेश कुर्रे, भाजयुमो जिलाध्यक्ष आयाश सिंह बोनी और सरपंच बिमला वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान किसानों को समर्थन मूल्य पर उपज बेचने के लाभों की जानकारी दी गई। समिति द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार अरहर 8000 रुपये चना 5650 रुपये मसूर 5950 रुपये मूंग 8768 रुपये उड़द 7800 रुपये तथा सरसों की खरीदी तय दर पर की जाएगी। चना मसूर और अरहर की खरीदी 1 अप्रैल से 30 मई तक चलेगी जबकि अन्य फसलों की खरीदी पूर्व निर्धारित समयावधि में होगी। समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस खरीदी केंद्र से लगभग 90 गांव जुड़े हैं और करीब 30 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। पहले दिन 5-6 किसानों ने चना बेचते हुए प्रक्रिया में भाग लिया, जिनमें रामकिशुन वर्मा, खेमराज वर्मा, निहालीराम वर्मा, उमा और जगदीश वर्मा शामिल रहे। समिति प्रबंधक किशोरी चंदेल ने बताया कि पहले दिन करीब 95 क्विंटल चना और 10 क्विंटल मसूर की आवक दर्ज की गई। खरीदी के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी उपज को साफ और मानक अनुसार तैयार कर ही केंद्र पर लाएं ताकि खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि समर्थन मूल्य पर खरीदी से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है और बिचौलियों पर निर्भरता कम हो रही है जिससे उनकी आय में भी बढ़ोतरी हो रही है।

Exit mobile version