
90 हजार और 40 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया; पेयजल, पंखे और रोशनी की व्यवस्था प्रभावित सरकारी विभागों में मचा हड़कंप
सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। शासकीय विभागों द्वारा लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किए जाने के मामले में बिजली विभाग ने अब सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में विभाग ने नगर के विश्राम गृह और वन विभाग कार्यालय के बिजली कनेक्शन काट दिए हैं। विश्राम गृह पर करीब 90 हजार रुपये जबकि वन विभाग पर लगभग 40 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया बताया जा रहा है। बिजली कनेक्शन कटने के बाद विश्राम गृह की व्यवस्थाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। यहां पेयजल पंखे और प्रकाश व्यवस्था ठप होने से अधिकारियों तथा आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विश्राम गृह में ठहरने वाले लोगों को भी बिजली के अभाव में असुविधा उठानी पड़ रही है। इससे पहले बीते बुधवार को बिजली विभाग ने बस स्टैंड के समीप स्थित सुलभ शौचालय का कनेक्शन भी बकाया राशि के चलते काट दिया था। लगातार की जा रही कार्रवाई से बिजली बिल के भुगतान में लापरवाही बरतने वाले अन्य शासकीय विभागों में भी हड़कंप की स्थिति है।
भुगतान होने तक कनेक्शन नहीं जुड़ेगा
बिजली विभाग के जेई हरि प्रसाद जंघेल ने बताया कि बकाया राशि का भुगतान नहीं होने के कारण संबंधित कनेक्शन काटे गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बकाया राशि का पूरा भुगतान किए जाने तक कनेक्शन दोबारा नहीं जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि उच्च स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार ही आगे कनेक्शन जोड़ने अथवा कटे रहने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर राधेश्याम वर्मा से बिजली विभाग द्वारा बकाया राशि को लेकर नोटिस दिए जाने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें नोटिस के संबंध में जानकारी नहीं है। बिजली विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी विभागों पर बकाया राशि की वसूली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगातार कनेक्शन काटे जाने से अब बकाया बिजली बिल वाले अन्य विभागों पर भी भुगतान का दबाव बढ़ गया है।