प्रयास आवासीय विद्यालयों में 9वीं प्रवेश की काउन्सलिंग शुरू

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के तहत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों की काउन्सलिंग शुरू हो गई है। प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद विभाग ने चयनित विद्यार्थियों की सूची एवं काउन्सलिंग की तिथियां वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार काउन्सलिंग 5 अगस्त 2026 तक संबंधित आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर स्वयं उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। काउन्सलिंग के समय विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत या अधिक) अंकसूची प्रधानपाठक या प्राचार्य द्वारा जारी अध्ययनरत प्रमाण-पत्र जाति प्रमाण-पत्र तथा पात्रता अनुसार नक्सल पीड़ित विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) अल्पसंख्यक दिव्यांग अनाथ विधवा या परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा पुलिस अर्द्धसैनिक सशस्त्र बल अथवा शहीद सैनिक के बच्चों से संबंधित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने होंगे। प्रवेश के लिए चयनित विद्यार्थियों को काउन्सलिंग के बाद तीन दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच प्रमाण पत्र संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में जमा करना होगा। विभाग ने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है। काउन्सलिंग सूची तिथि एवं अन्य जानकारी विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/⁠� पर उपलब्ध है।

Exit mobile version