प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 57 हितग्राहियों को एनओसी वितरित

शहर के विकास में नहीं आने देंगे कमी- विक्रांतखैरागढ़. प्रधानमंत्री आवास योजना (नगरीय) 2.0 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद परिसर में अनापत्ति प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर पालिका क्षेत्र के 57 पात्र हितग्राहियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। एनओसी प्राप्त करते ही हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। हितग्राहियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनके परिवारों के लिए पक्के मकान का सपना अब साकार होने की दिशा में है। उन्होंने इस पहल के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह के दौरान अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। हितग्राहियों ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से उन्हें अपने स्वयं के पक्के मकान का सपना पूरा करने का अवसर मिल रहा है। इससे कच्चे मकान एवं झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 57 परिवारों को अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ शहर के बुनियादी ढांचे और चौमुखी विकास के लिए बजट एवं संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। नए जिले के विकास को गति देने के लिए सरकार द्वारा लगातार विभिन्न योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर को बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित करने और विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास जारी रहेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गिरजा चन्द्राकर, शशांक ताम्रकार, विकेश गुप्ता, प्रकाश सिंह, आयश सिंह, ऋषभ सिंह, संजय शर्मा, रामाधार रजक, शैलेन्द्र वर्मा, गोरेलाल वर्मा, अजय जैन, देविन बाई कोठले, मोनिका रजक, सुमित टांडिया, रूपेंद्र रजक, नंद चन्द्राकर, अनिल अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर पालिका के सीएमओ पुनीत वर्मा सहित बड़ी संख्या में पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नगरवासी भी मौजूद रहे।

Exit mobile version