प्रधानपाठ बैराज और मुढ़ीपार डायवर्सन की बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस का औचक निरीक्षण, किसानों की समस्याओं पर जताई चिंता

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के अध्यक्ष कोमल दास साहू के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस पदाधिकारियों और किसानों ने मुढ़ीपार डायवर्सन तथा प्रधानपाठ बैराज बैराज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सिंचाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति और विभागीय लापरवाही को लेकर कांग्रेस नेताओं एवं किसानों ने चिंता व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि सिंचाई विभाग को लगातार शिकायतें किए जाने के बावजूद नहरों की समय पर सफाई और आवश्यक मरम्मत नहीं कराई जा रही है। कई स्थानों पर नहरें जर्जर हो चुकी हैं जिसके कारण खेतों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे फसलों की सिंचाई प्रभावित होने के साथ किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसानों ने यह भी बताया कि प्रधानपाठ बैराज का एक गेट पिछले लगभग आठ वर्षों से क्षतिग्रस्त है लेकिन अब तक उसकी मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन नहीं किया गया। किसानों का कहना है कि इस कारण सिंचाई व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और क्षेत्र के किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल दास साहू ने कहा कि किसान पहले ही मौसम की अनिश्चितता और कृषि संबंधी विभिन्न चुनौतियों से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में सिंचाई विभाग की उदासीनता उनकी समस्याओं को और गंभीर बना रही है। उन्होंने मांग की कि नहरों की तत्काल सफाई, आवश्यक मरम्मत तथा प्रधानपाठ बैराज के क्षतिग्रस्त गेट का शीघ्र सुधार कराया जाए ताकि किसानों को समय पर सिंचाई का पानी उपलब्ध हो सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन एवं सिंचाई विभाग की होगी। निरीक्षण के दौरान जिला महामंत्री भीखम सिन्हा, घनश्याम सिन्हा, जयप्रकाश वर्मा, जीतू यादव, मधुसूदन साहू, दुर्गेश सिन्हा, देवराज सेन, भागवत साहू, ठाकुर राम, खीलेश वर्मा, दुलेश सिन्हा, युवराज सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।

Exit mobile version