
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शासकीय पॉलीटेक्निक खैरागढ़ में पूर्व छात्र संघ एलुमनाई एसोसिएशन का चुनाव बड़े उत्साह और लोकतांत्रिक माहौल में सम्पन्न हुआ। मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चली जिसमें 97.73 प्रतिशत की अभूतपूर्व मतदान दर्ज की गई। यह भागीदारी तकनीकी शिक्षा प्राप्त इंजीनियरों की संगठन क्षमता और नेतृत्व कौशल का प्रमाण बनी। इस चुनाव में मेटलर्जी विभाग के 2009 बैच के छात्र किशोर कुमार साव अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। वर्तमान में वे भिलाई इस्पात संयंत्र (SAIL) में ब्लास्ट फर्नेस संचालन विभाग में कार्यरत हैं और डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन भिलाई के सक्रिय सदस्य भी हैं। उपाध्यक्ष सुमंत साहू बैच 2008 मेटलर्जी, सचिव डालेश्वर देशमुख बैच 2008 मेटलर्जी, कोषाध्यक्ष मयंक कुमार साहू बैच 2016 मेटलर्जी, सह सचिव महेश ताँडी बैच 2008 मेटलर्जी चुने गए। शासकीय पॉलीटेक्निक खैरागढ़ के प्राचार्य शंकर वराठे ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह संगठन पूर्व छात्रों के सहयोग सशक्त नेटवर्किंग और तकनीकी समाज के उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवगठित कार्यकारिणी अपने नेतृत्व कौशल और सकारात्मक सोच से संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी। प्राचार्य ने विशेष रूप से किशोर कुमार साव को अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने पर बधाई दी और सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों के निर्वहन के लिये शुभकामनाएँ दी है।