पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में मेगा एलुमनी मीट 2026 का हुआ भव्य आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ में एलुमनी एसोसिएशन ऑफ पॉलिटेक्निक खैरागढ़ के तत्वावधान में संस्थान का पहला और ऐतिहासिक मेगा एलुमनी मीट 2026 तथा वार्षिक आम सभा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से 100 से अधिक पूर्व छात्र-छात्राएं अपने पुराने साथियों और संस्थान से पुनः जुड़ने के उद्देश्य से शामिल हुए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राचार्य शंकर वराठे रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्थान के पूर्व छात्र अंगद कुमार चुरेंद्र सहायक महाप्रबंधक, भिलाई इस्पात संयंत्र, डॉ. हरजिंदर सिंह स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर, भिलाई नगर निगम एवं समाजसेवी, सतीश कुमार वर्मा एचओडी एसआईडी प्रोसेस, ओमकेश्वर वर्मा हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, बेंगलुरु, आशुतोष सोनी व्यवसायी, भिलाई, अखिलेश श्रीवास्तव एवं सुरेंद्र प्रताप सिंह जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड, रायगढ़ तथा विवेक श्रीवास्तव जयसवाल निको इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, रायपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान वर्तमान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। अपने संबोधन में प्राचार्य शंकर वराठे ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की असली ताकत उसके पूर्व छात्र होते हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से वर्तमान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और संस्थान की प्रगति को नई दिशा मिलती है। वहीं एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष किशोर कुमार साव ने एसोसिएशन की स्थापना से लेकर अब तक की गतिविधियों उद्देश्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष मयंक कुमार साहू ने वार्षिक आम सभा के दौरान एसोसिएशन का आय-व्यय और लेखा जोखा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान एलुमनी एसोसिएशन की ओर से विद्यार्थियों की सुविधा के लिए महाविद्यालय को वॉटर कूलर और एक्वागार्ड भेंट किया गया जिसका उद्घाटन प्राचार्य शंकर वराठे ने किया। सचिव डालेश्वर देशमुख ने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए की गई है। सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत बालाजी ब्लड बैंक के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया जिसमें लगभग 48 एलुमनी सदस्य शिक्षक कर्मचारी और विद्यार्थियों ने रक्तदान कर समाजसेवा का संदेश दिया। चूंकि कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया था इसलिए कॉलेज की महिला प्राध्यापिकाओं एलुमनी छात्राओं और वर्तमान छात्राओं के साथ केक काटकर महिला दिवस मनाया गया तथा उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया गया। एलुमनी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुमंत साहू ने कहा कि इस आयोजन ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायक बना दिया। इस अवसर पर उपस्थित एलुमनी सदस्यों को टी-शर्ट, डायरी, पेन, प्रमाणपत्र और स्मृति-चिह्न भी प्रदान किए गए तथा कई पूर्व छात्रों ने अपने अनुभव साझा कर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन अंशु प्रीति कुजूर, सुलेखा कुजूर और अश्विनी कुमार यादव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्राचार्य शंकर वराठे के मार्गदर्शन में व्याख्याता जनक कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक कर्मचारियों और विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा। अंत में संयुक्त सचिव महेश तांडी ने सभी अतिथियों एलुमनी सदस्यों शिक्षक कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन पूर्व और वर्तमान छात्रों के बीच संवाद सहयोग और आत्मीयता को मजबूत करने वाला एक यादगार अवसर साबित हुआ।

Exit mobile version