एनडीपीएस एक्ट के सात प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का हुआ निपटान
चिखलदाह स्थित राइस मिल में बॉयलर से जलाकर किया गया नष्ट
खैरागढ़। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में कार्रवाई करते हुए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज सात अलग-अलग प्रकरणों में जब्त 3.957 किलोग्राम गांजे का विधिवत नष्टीकरण कराया। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में 27 नवंबर को ग्राम चिखलदाह स्थित बीबीसी राइस मिल में बॉयलर के माध्यम से गांजे को जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार जिलों में जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित एवं विधिसम्मत नष्टीकरण के लिए जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति गठित की गई है। इसी क्रम में केसीजी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरणों की समीक्षा कर सात मामलों में जब्त गांजे के नष्टीकरण के लिए न्यायालय से विधिवत अनुमति प्राप्त की गई थी। न्यायालय की अनुमति के बाद शुक्रवार को समिति के सदस्यों एवं पंचों की उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत 3.957 किलोग्राम गांजे को बॉयलर में जलाकर नष्ट किया गया। ज्ञात हो कि यह कार्रवाई मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और युवाओं सहित समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
