पीटीएम में बच्चों की प्रगति पर हुआ मंथन, अभिभावकों ने दिए उपयोगी सुझाव

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। तनमय गिडिया सरस्वती शिशु मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रथम अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और शिक्षकों के साथ बच्चों की पढ़ाई व्यवहार रुचि तथा शैक्षणिक प्रगति को लेकर विस्तार से संवाद किया। अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था अनुशासन और सुरक्षित वातावरण को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर प्रयास करने की बात कही।

पीटीएम के दौरान विद्यालय की शिक्षा पद्धति और उद्देश्य को भी सामने रखा गया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा देने के साथ विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति परंपराओं भाषा और संस्कारों से जोड़े रखना विद्यालय की प्राथमिकता है। आधुनिक ज्ञान और तकनीकी दक्षता के साथ बच्चों में अपनी जड़ों के प्रति सम्मान विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्राचार्या गरिमा सिंह ने कहा कि बच्चों को अंग्रेजी भाषा में दक्ष बनाने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना भी विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। आधुनिक शिक्षा और भारतीय मूल्यों के संतुलन के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास करने का प्रयास किया जा रहा है।

समिति सदस्य मनोज गिडिया ने अभिभावकों से प्राप्त सुझावों पर चर्चा करते हुए विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालय में शीघ्र ही रोबोटिक्स शिक्षा प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही है। बैठक के दौरान अभिभावकों और बच्चों के लिए संयुक्त गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों के बीच संवाद एवं आपसी जुड़ाव को मजबूत करने का प्रयास किया गया। प्रथम पीटीएम ने विद्यालय शिक्षक और अभिभावकों के बीच सहयोग संवाद और विश्वास की भावना को और मजबूत किया।

Exit mobile version