पीएमश्री विद्यालय में स्टेम समर कैंप, विद्यार्थियों ने सीखी आधुनिक तकनीक की बारीकियां

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से पीएमश्री डॉ. प.पु. बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय खैरागढ़ में एक दिवसीय स्टेम समर कैंप एवं टेक्नोलॉजी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग संभाग के कमिश्नर सत्यनारायण राठौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल तथा जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल केपी साव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को नई तकनीकों से परिचित कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रोबोटिक्स ड्रोन टेक्नोलॉजी थ्री-डी प्रिंटिंग और थ्री-डी पेन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने इन तकनीकों का स्वयं उपयोग कर उनके कार्य करने की प्रक्रिया भी समझी।कार्यक्रम में रोबो सॉकर, रोबो रेस, ड्रोन डेमो और तकनीकी प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विशेषज्ञों ने केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित न रहते हुए विद्यार्थियों को विभिन्न उपकरणों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जिससे उनमें तकनीकी शिक्षा के प्रति उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली। कार्यशाला का संचालन कमल चंदेलकर, विकास चंदेलकर, प्रमोद निषाद और अमितेश हरसुख ने किया। इस अवसर पर कमिश्नर सत्यनारायण राठौर व कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके नवाचारों और तकनीकी मॉडल की जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्राचार्य अनुराग सिंह ने कहा कि बदलते समय में तकनीकी शिक्षा विद्यार्थियों के समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए भी तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यालय में इस प्रकार की गतिविधियों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

Exit mobile version