पत्र वार्ता लेकर मिशन संडे पर कांग्रेस संगठन ने लगाये गंभीर आरोप

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छुईखदान के सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ रहे प्रसूति विशेषज्ञ डॉ.समीर रजक के इस्तीफ़े से उठे सियासी तूफ़ान ने कांग्रेस खेमे में गुटबाज़ी की तस्वीर साफ कर दी है। चिकित्सक रजक के समर्थन में कांग्रेस नेता देवराज किशोर दास के आरोपों के बाद सोमवार को जिले के कांग्रेस संगठन ने प्रेस वार्ता कर अपनी स्थिति स्पष्ट की। संगठन ने दो टूक कहा कि “मिशन संडे नामक किसी संस्था से कांग्रेस पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है।”

जिलाअध्यक्ष गजेन्द्र ठाकरे और अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मूल सिद्धांत जनसेवा, त्याग और तपस्या रहा है। अवैध वसूली या ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों से पार्टी का कोई संबंध नहीं हो सकता। उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर कोई कांग्रेस सदस्य इस तरह के कार्यों में लिप्त पाया जाता है तो उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान जब पत्रकारों ने सवाल किया कि मिशन संडे विशेष तौर पर खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के निर्देशन और उनके प्रतिनिधि मनराखन देवांगन की अगुआई में चलाया जा रहा है तो संगठन के नेताओं ने असहज होकर कहा कि “यदि यह सच है तो यह विधायक का निजी अभियान है कांग्रेस संगठन का नहीं। इस जवाब ने साफ कर दिया कि कांग्रेस संगठन और विधायक के बीच अब बहुत अधिक दूरी बढ़ चुकी है। पहले भी है जग जाहिर था कि जिले के कांग्रेस संगठन में नवाज खान खेमे का पलड़ा भारी रहा है।

पत्रकारों ने जब पत्र वार्ता के दौरान बांटे गए प्रेस विज्ञप्ति नोट को लेकर ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली पर सीधा सवाल किया तो संगठन ने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने भी यह बातें अखबारों और सोशल मीडिया से पढ़ी हैं। “हमें मिशन संडे टीम की आरोपों को लेकर गतिविधियों की कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। पत्रकारों के सवालों के जवाब में कांग्रेस संगठन के नेताओं का यही बचाव रहा।
मिशन संडे द्वारा लगातार जनहित के मुद्दे उठाने पर संगठन ने कहा कि यह सराहनीय है लेकिन यदि वसूली की बात सच है तो यह निंदनीय है।

इस पूरे विवाद ने कांग्रेस में आंतरिक खींचतान को उजागर कर दिया है। एक ओर विधायक समर्थित मिशन संडे है तो दूसरी ओर संगठन है जो अब खुद को अलग बताने में जुटा है। कांग्रेस जिला सेवा दल के अध्यक्ष देवराज किशोर दास जिन्होंने सबसे पहले आरोप लगाए थे वे प्रेस वार्ता में किसी व्यक्तिगत कारणों से नहीं पहुंचे जिससे अटकलें और गहरी हो गईं। प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजेन्द्र ठाकरे ने सबसे पहले मिशन संडे पर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहां की कांग्रेस संगठन का मिशन संडे से कोई लेना देना नहीं है यह एक व्यक्तिगत कार्यक्रम है जिससे कांग्रेस पार्टी पूरी तरह दूरी बनाकर चलती है। शहर ब्लॉक अध्यक्ष भीखमचंद छाजेड़ ने कांग्रेसियों द्वारा बनाए गए मिशन संडे कार्यक्रम को लेकर गंभीर आरोप प्रत्यारोप किया। ग्रामीण अध्यक्ष आकाशदीप गोल्डी व छुईखदान ब्लॉक अध्यक्ष रामकुमार पटेल ने भी मिशन संडे के खिलाफ अपनी प्रतिक्रिया दी। गंडई अध्यक्ष भिगेश यादव व मुढ़ीपार ब्लॉक कांग्रेस कोमल साहू सहित खैरागढ़ नगर पालिका उपाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान, कांग्रेस नेता लीलाधर वर्मा, नित्य शरण सिंह, राजा सोलंकी, अन्य कांग्रेस के नेता वार्ता के दौरान मौजूद रहे।

Exit mobile version