नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। थाना छुईखदान क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए 19 अगस्त को नाबालिग पीड़िता को आरोपी तरूण यादव के कब्जे से बरामद किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 जून 2026 को प्रार्थी ने अपनी नाबालिग पुत्री को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में थाना छुईखदान में 2 जुलाई को अपराध क्रमांक 248/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार नाबालिग की तलाश में जुटी थी। विवेचना के दौरान साइबर सेल केसीजी की सहायता से कॉल डिटेल एवं सीडीआर प्राप्त कर तकनीकी माध्यमों से पतासाजी की गई। इसके आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 अगस्त को नाबालिग पीड़िता को आरोपी तरूण यादव पिता दिनेश यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी पद्मावतीपुर, थाना छुईखदान के कब्जे से बरामद कर लिया।

विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध अपराध से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर प्रकरण में धारा 64(2)(ड), 96 बीएनएस तथा धारा 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी तरूण यादव को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 20 अगस्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां न्यायालय के आदेशानुसार उसे उपजेल सलोनी भेज दिया गया।

नाबालिग पीड़िता की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ तथा साइबर सेल केसीजी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा लगातार की गई तकनीकी एवं मैदानी पतासाजी के परिणामस्वरूप मामले का खुलासा किया गया।

Exit mobile version