
प्राथमिक शाला पंडरिया के बच्चों ने खुद तैयार की राखियां
रोली-तिलक के साथ जवानों तक पहुंचाया स्नेह का संदेश
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शासकीय प्राथमिक शाला पंडरिया के नन्हे विद्यार्थियों ने देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की अनूठी मिसाल पेश की। बच्चों ने अपने हाथों से आकर्षक राखियां तैयार कर उन्हें रोली और तिलक सामग्री के साथ सैनिकों के लिए भेजा। पीएलसी खुशबू जंघेल के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्साह और लगन के साथ रंग-बिरंगी राखियां तैयार की। इस दौरान संस्था प्रमुख शिवांगी पसीने ने बच्चों को रक्षाबंधन पर्व के महत्व के साथ देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात सैनिकों के त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश की सुरक्षा के लिए जवान कठिन परिस्थितियों में भी दिन-रात सीमा पर डटे रहते हैं। उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। बच्चों ने सैनिकों को राखी भेजकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ देशभक्ति और अपनत्व का संदेश भी दिया।
विद्यार्थियों द्वारा तैयार राखियों को रोली एवं तिलक सामग्री के साथ विशेष डिब्बे में सुरक्षित रूप से पैक किया गया। इसके बाद राखियों को निर्धारित केंद्र के माध्यम से सैनिकों तक भेजा गया, ताकि रक्षाबंधन के अवसर पर सरहद पर तैनात जवान इन राखियों को अपनी कलाई पर बांध सकें। शाला के बच्चों की इस संवेदनशील, रचनात्मक और राष्ट्रप्रेम से जुड़ी पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। शिक्षकों का कहना है कि ऐसी गतिविधियों से बच्चों में देशभक्ति, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।