नगर पंचायत के व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स में अवैध तोड़फोड़ का काम अनवरत जारी

छुईखदान। नगर के बस स्टैंड के समीप नगर पंचायत द्वारा निर्मित नव निर्मित व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स में अवैधानिक तोड़फोड़ का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में प्रेस क्लब छुईखदान द्वारा नगर पंचायत में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्य रोकने के निर्देश दिए थे। हालांकि अब आरोप है कि नोटिस के बावजूद संबंधित परिसर में पर्दे की आड़ में गुप्त रूप से कार्य जारी रखा जा रहा है। जानकारी अनुसार शिकायत मिलते ही नगर पंचायत ने मौके पर पहुंचकर फोटोग्राफी करवाई और काम रोकने की बात कही थी लेकिन इसके बाद भी कार्य बंद नहीं हुआ और निर्माण में बदलाव जारी रहने की खबर सामने आ रही है। इसे लेकर प्रेस क्लब छुईखदान के सदस्यों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुलदीप झा से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की मांग की। *मामले में कलेक्टर से शिकायत की तैयारी*मामले को गंभीर मानते हुए प्रेस क्लब के सदस्य अब कलेक्टर से मुलाकात कर मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और संबंधित व्यवसायिक परिसर को राजसात करने की मांग करने की तैयारी में हैं।

भवन निर्माण से जुड़े जानकार लोगों के अनुसार भवन के जिस बीम को तोड़ा गया है वह छत के भार को संभालने वाला मुख्य संरचनात्मक हिस्सा था। ऐसे में उसके हटाए जाने से पूरी बिल्डिंग की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। खास बात यह है कि भवन का अभी तक आधिकारिक हैंडओवर भी नहीं हुआ है इसके बावजूद मुख्य संरचना से छेड़छाड़ की जा रही है।*व्यापारियों में दहशत, पर खुलकर बोलने से कतरा रहे*आसपास के व्यवसायियों में इस घटना को लेकर भय का माहौल है। हालांकि संबंधित परिसर के मालिक के व्यवहार के चलते अधिकांश लोग खुलकर सामने आने से बच रहे हैं लेकिन अंदरखाने में नाराजगी जरूर है जो कभी भी उग्र रूप ले सकती है। अब नागरिकों ने सवाल उठाया है कि यदि इस अवैध तोड़फोड़ के चलते कोई हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? लोगों का कहना है कि भवन की संरचना कमजोर होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है लेकिन इसके बावजूद प्रशासनिक कार्रवाई अब तक ठोस रूप में नजर नहीं आई है। बहरहाल जागरूक नागरिकों ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि आम लोगों की जान से खिलवाड़ की कोशिश भी है।

Exit mobile version