नियाद नेल्लानार के तहत फ्लैगशिप योजनाओं की पोर्टल पर शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश
खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने समय-सीमा की बैठक में धान खरीदी की तैयारियों, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों तथा नियाद नेल्लानार के अंतर्गत संचालित शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने और योजनाओं की जानकारी पोर्टल पर शत-प्रतिशत दर्ज करने के निर्देश दिए।
बैठक में धान खरीदी की हुई समीक्षा
धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सहकारिता, खाद्य विभाग, डीएमओ और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा। उन्होंने खरीदी केंद्रों में बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, सुचारु तौल व्यवस्था, धान के सुरक्षित भंडारण और किसानों के लिए जरूरी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए साथ ही टोकन के अनुसार खरीदी, अभिलेखों के संधारण और केंद्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो।
लंबित शिकायतों के निराकरण में दिखाए गंभीरता
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लंबित शिकायतों के निराकरण में गंभीरता और जवाबदेही बरतने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों को केवल बंद करना उद्देश्य नहीं होना चाहिए बल्कि उनके मूल कारणों की जांच कर नियमानुसार संतोषजनक कार्रवाई की जाए। अधिकारियों को शिकायतों की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर कार्रवाई का स्पष्ट और तथ्यात्मक विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से स्पेशल क्लोजर के लिए प्रस्तुत किए जाने वाले प्रकरणों में पर्याप्त जांच, संबंधित दस्तावेज और निराकरण के स्पष्ट आधार का उल्लेख करने को कहा। अधूरी जानकारी अथवा अस्पष्ट जवाब के आधार पर प्रकरण प्रस्तुत नहीं करने की हिदायत भी दी।नियाद नेल्लानार के अंतर्गत फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को योजनावार उपलब्धियों, किए गए कार्यों और लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी पोर्टल पर शत-प्रतिशत दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर किए गए कार्यों और पोर्टल पर दर्ज जानकारी में समानता होनी चाहिए। लंबित प्रविष्टियों को प्राथमिकता से पूरा करने के साथ दर्ज आंकड़ों की शुद्धता का सत्यापन भी किया जाए, ताकि योजनाओं की वास्तविक प्रगति का आकलन और हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने की प्रभावी निगरानी हो सके।कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, एसडीएम अविनाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
