धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्थाओं पर भड़की जिपं सदस्य शताक्षी सिंह

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्राम मड़ोदा स्थित धान खरीदी केंद्र में लगातार बढ़ती अव्यवस्थाओं और किसानों को झेलनी पड़ रही दिक्कतों को लेकर जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। केंद्र में पहुंचते ही किसानों ने उनसे धान खरीदी प्रक्रिया में हो रही अनियमितताओं और परेशानियों का विस्तृत ब्यौरा साझा किया। किसानों ने बताया कि टोकन कटने में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रहती है। सुबह से लेकर देर शाम तक केंद्र में लाइन में खड़े रहने के बावजूद उनका नंबर नहीं लग पाता वहीं ऊपर से समस्याओं के निराकरण में भी भारी देरी होती है। किसानों की इस पीड़ा को सुनकर शताक्षी सिंह नाराज़ दिखीं। उन्होंने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शासन की उदासीनता का खामियाज़ा किसानों को भुगतना पड़ रहा है जो बिल्कुल स्वीकार योग्य नहीं है। उन्होंने धान खरीदी के साथ-साथ गेहूं और चना बीज वितरण में हो रही गड़बड़ियों पर भी गहरी आपत्ति जताई। शताक्षी सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बीज वितरण पारदर्शी तरीके से हो तथा वास्तविक जरूरतमंद किसानों को ही प्राथमिकता मिले।
उन्होंने दो-टूक कहा कि किसान हमारी रीढ़ हैं। उनके साथ किसी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात को मैं बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करूंगी। जिला सदस्य के इस सख्त रुख से किसानों में राहत और उम्मीद की भावना देखने को मिली। उन्हें लगा कि उनकी आवाज़ इस बार सही मंच तक पहुँची है। निरीक्षण के दौरान शताक्षी सिंह के साथ मन्नू वर्मा, सतीश वर्मा, बफरा के लाला, अनिल सेन, नित्य शरण सिंह, राम कुमार वर्मा सहित क्षेत्र के अनेक कृषक उपस्थित थे।

Exit mobile version