दशहरे की रात खैरागढ़ के देवरी में खूनी बवाल, युवक पर जानलेवा हमला

खैरागढ़। दशहरे की रात जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर वनांचल ग्राम देवरी में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आधी रात हुए कथित बलवा और मारपीट की घटना में 21 वर्षीय समीर कंवर गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि 20 वर्षीय कैलाश बंधे ने उस पर हमला किया जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उपचार के दौरान आठ टांके लगाने पड़े। पीड़ित पक्ष ने समीर के माता-पिता और चाचा के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। जानकारी अनुसार घटना के बाद रात करीब 12:30 बजे घायलों को जिला चिकित्सा अस्पताल लाया गया जहां समीर के सिर में आई चोट का उपचार किया गया। दशहरे जैसे पर्व की रात हुई इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। हालांकि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और घटना के दौरान किन परिस्थितियों में मारपीट हुई इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

खुशी और उत्सव के माहौल के बीच हुई इस घटना ने गांव में शांति-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक युवक के सिर पर गंभीर चोट आने और उसके परिजनों से भी मारपीट के आरोपों के बाद मामले की गंभीरता बढ़ गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल लोगों की भूमिका और विवाद के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

↑
Exit mobile version