
साइबर जागृति अभियान के तृतीय सप्ताह में वरिष्ठ नागरिकों समेत आम लोगों को किया जागरूक, ठगी होने पर 1930 पर शिकायत की अपील
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के तृतीय सप्ताह के तहत 1 सितंबर को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान पुलिस ने जिले के 8 अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों सहित आम लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया। जागरूकता कार्यक्रम में नागरिकों को विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट पुलिस CBI अथवा ED अधिकारी बनकर की जाने वाली फर्जी कॉल वीडियो कॉल के जरिए धमकी और साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी भय और दबाव का माहौल बनाकर लोगों से पैसे ऐंठने के लिए अलग-अलग हथकंडे अपनाते हैं। पुलिस ने नागरिकों को स्पष्ट किया कि ‘डिजिटल अरेस्ट’ नाम की कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं होती। किसी भी व्यक्ति को वीडियो कॉल या फोन के माध्यम से घर में कैद रहने अथवा ऑनलाइन पूछताछ के नाम पर डराने-धमकाने पर घबराने के बजाय तत्काल सतर्कता बरतनी चाहिए। अभियान के दौरान OTP, बैंक खाते से संबंधित जानकारी पासवर्ड और व्यक्तिगत विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की गई। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान नंबरों से आने वाले कॉल अथवा वीडियो कॉल पर भरोसा करने से बचने की सलाह दी गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
KCG पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी सुरक्षा है।