
अंततः आरोपी युवक हुआ गिरफ्तार
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। जीवनसाथी एप के जरिए परिचय बढ़ाकर शादी का भरोसा दिलाने और बाद में निजी फोटो व जानकारी वायरल करने की धमकी देकर युवती से 1.67 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में छुईखदान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी रोहित यादव को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने जून 2026 में जीवनसाथी एप पर अपने नाम से आईडी बनाई थी। इसी दौरान उसकी पहचान रोहित यादव से हुई। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोपी ने शादी करने की बात कहकर पीड़िता का विश्वास हासिल किया और उसकी व्यक्तिगत जानकारी तथा फोटो हासिल कर लिए। इसके बाद आरोपी ने निजी फोटो और जानकारी को सार्वजनिक करने की धमकी देकर पीड़िता को डराया। धमकी और दबाव के बीच आरोपी ने फोन-पे के माध्यम से 6 जुलाई 2026 को अलग-अलग तरीके से कुल 1 लाख 67 हजार रुपए प्राप्त कर लिए। ठगी का एहसास होने के बाद पीड़िता ने 8 अगस्त को छुईखदान थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 290/2026 के तहत धारा 308(2), 318(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने रोहित यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसमें उसके द्वारा अपराध करना स्वीकार किए जाने के बाद 10 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। कार्रवाई में छुईखदान थाना पुलिस स्टाफ के साथ साइबर सेल केसीजी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।