खैरागढ़ सिविल अस्पताल में 630 दिनों से मिल रही सुविधा
वर्तमान में 38 मरीजों का नियमित उपचार
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजना ‘जीवनधारा’ के तहत जिला चिकित्सालय केसीजी-सिविल अस्पताल खैरागढ़ में किडनी रोगियों को निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा मिल रही है। केंद्र में अब तक 630 दिनों में कुल 14,303 डायलिसिस सत्र पूरे किए जा चुके हैं। वर्तमान में 38 मरीज नियमित रूप से इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ो के मुताबिक अस्पताल में 12 फरवरी 2025 से तीन डायलिसिस मशीनों के माध्यम से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम (पीएमएनडीपी) का संचालन किया जा रहा है। जिले में ही उपचार की सुविधा मिलने से किडनी मरीजों को डायलिसिस के लिए दूसरे शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ रही है। इससे उनके समय और आर्थिक खर्च में भी कमी आई है।कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन में संचालित इस सेवा का क्रियान्वयन सीएमएचओ डॉ.ए.के. शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ.आशीष शर्मा तथा संबंधित चिकित्सा अधिकारियों के समन्वय से किया जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ.आशीष शर्मा ने बताया कि डायलिसिस केंद्र में मरीजों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के साथ सेवा के व्यवस्थित संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शासन की इस निःशुल्क सुविधा से जरूरतमंद किडनी रोगियों को स्थानीय स्तर पर उपचार मिल रहा है और उपचार की निरंतरता बनाए रखने में मदद मिल रही है।
