
15 दिसंबर तक मिलेगा अंतिम अवसर
केवायसी नहीं तो रुक सकती है सब्सिडी और होम डिलीवरी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए अनिवार्य की गई ई-केवाईसी प्रक्रिया को पूरा करने में जिले के हजारों उपभोक्ता अब भी पीछे चल रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 15 दिसंबर है। तय समय सीमा तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर सब्सिडी बंद हो सकती है और सिलेंडर की होम डिलीवरी में भी बाधा आ सकती है। जिले में कुल उपभोक्ताओं में से 28,736 लोगों ने अब तक अपनी ई-केवाईसी करा ली है जबकि 7,300 उपभोक्ता अभी भी प्रक्रिया से वंचित हैं। कनेक्शनों की वास्तविकता सुनिश्चित करने और फर्जी व निष्क्रिय कनेक्शनों को हटाने के उद्देश्य से ई-केवाईसी को अनिवार्य किया गया है। इसमें बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के ज़रिए यह प्रमाणित किया जाता है कि कनेक्शन धारक जीवित है और गैस कनेक्शन का वास्तविक उपभोक्ता है। उपभोक्ता अपने नजदीकी गैस एजेंसी में जाकर आधार कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल के साथ ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा, कंपनी के मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। जिले में लंबित ई-केवाईसी की स्थिति इस प्रकार है खैरागढ़ शहर: 1000 उपभोक्ता, छुईखदान शहर: 164 उपभोक्ता गंडई शहर : 69 उपभोक्ता खैरागढ़ ब्लॉक: 6,066 उपभोक्ता प्रशासन ने सभी लंबित उपभोक्ताओं से अपील की है कि 15 दिसंबर की समयसीमा से पहले ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूरी करें, ताकि आगे किसी प्रकार की असुविधा न हो।