जिले में पांडुलिपियों के सर्वे के लिए प्रशासन की पहल, नागरिकों से सहयोग की अपील

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और सुरक्षित रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि उनके पास यदि कोई प्राचीन या ऐतिहासिक पांडुलिपि सुरक्षित है या उन्हें ऐसे किसी व्यक्ति, परिवार, मंदिर, मठ अथवा संस्था की जानकारी है जहां इस प्रकार की धरोहर मौजूद है तो उसकी सूचना प्रशासन तक अवश्य पहुंचाएं।उन्होंने बताया कि यह अभियान राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे सर्वे का हिस्सा है जिसका उद्देश्य देश की समृद्ध पांडुलिपि परंपरा को सहेजना और उसे डिजिटल माध्यम से सुरक्षित करना है। इस प्रक्रिया के दौरान पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण किया जाएगा जबकि उनका स्वामित्व संबंधित धारक के पास ही सुरक्षित रहेगा। प्रशासन ने नागरिकों को ‘ज्ञानभारतम्’ पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से पांडुलिपियों की तस्वीरें और आवश्यक विवरण अपलोड करने के लिए प्रेरित किया है। इसके अलावा इच्छुक लोग सीधे जिला प्रशासन से संपर्क कर या जिला कार्यालय में जानकारी देकर भी इस अभियान से जुड़ सकते हैं। कलेक्टर ने कहा कि आमजन की सक्रिय भागीदारी से जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने में बड़ी सफलता मिल सकती है।

Exit mobile version