
आरोप सामने के बाद जांच शुरू
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के जालबांधा स्थित देशी शराब दुकान एक बार फिर विवादों में आ गई है। यहां एक ग्राहक के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार जबरन शराब छीनने और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी बढ़ गई है और पीड़ित ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार बरबसपुर घुमका निवासी चंद्रेश वर्मा शुक्रवार को जालबांधा की शराब दुकान पहुंचे थे उन्होंने निर्धारित राशि का भुगतान कर शराब खरीदी लेकिन आरोप है कि दुकान से बाहर निकलते समय वहां मौजूद कर्मचारी ने उन्हें रोककर उनके हाथ से बोतल छीन ली जब ग्राहक ने इसका विरोध करते हुए पैसे लौटाने की बात कही तो कथित रूप से उसे मना कर दिया गया। पीड़ित का कहना है कि विरोध जताने पर कर्मचारी ने अभद्र व्यवहार करते हुए उनका कॉलर पकड़ लिया और गाली गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला धक्का मुक्की तक पहुंच गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में दर्ज होने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले की शराब दुकानों में तय कीमत से अधिक वसूली और ग्राहकों के साथ खराब व्यवहार की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। कई बार विरोध करने पर ग्राहकों को डराने धमकाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। घटना के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का आरोप है कि निगरानी में कमी के कारण ऐसे मामलों पर रोक नहीं लग पा रही है। इस मामले में आबकारी निरीक्षक विजेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में तथ्य सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।