
डीसीएचबी निर्माण के लिए आंकड़ों के शुद्ध एवं समयबद्ध संकलन पर दिया गया जोर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जनगणना 2027 के तहत जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (डीसीएचबी) तैयार करने की प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से बुधवार को जनपद पंचायत खैरागढ़ के सभाकक्ष में क्षेत्र पदाधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक प्रपत्रों के संधारण आंकड़ों के संकलन और डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं बल्कि विकास योजनाओं की आधारशिला है। उन्होंने अधिकारियों से निर्देशों का पूरी गंभीरता के साथ पालन करते हुए तथ्यात्मक अद्यतन और त्रुटिरहित जानकारी एकत्रित करने पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि डीसीएचबी के निर्माण में क्षेत्र पदाधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके द्वारा तैयार किए गए आंकड़े भविष्य की योजनाओं के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी सुरेंद्र कुमार ठाकुर तथा डिप्टी कलेक्टर एवं चार्ज अधिकारी पूजा पींचा भी मौजूद रहीं। प्रशिक्षण में ग्रामीण खैरागढ़ चार्ज क्षेत्र के 80 क्षेत्र पदाधिकारियों के अलावा नगर खैरागढ़ छुईखदान और गंडई से एक-एक क्षेत्र पदाधिकारी ने भाग लिया। प्रतिभागियों को ग्राम निर्देशिका अनुसूची डीसीएचबी निर्माण से संबंधित प्रपत्रों के संधारण आवश्यक सूचनाओं के संकलन और डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का संचालन कवीन्द्र रंगारी और उमेद राम पटेल ने किया। जनगणना विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य क्षेत्रीय स्तर पर एकरूपता के साथ गुणवत्तापूर्ण आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करना है ताकि जिला जनगणना हस्त पुस्तिका का निर्माण निर्धारित समयसीमा में प्रभावी ढंग से किया जा सके।