छुईखदान में अंबेडकर जयंती की तैयारियां पूर्ण, भव्य रैली व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित

खैरागढ़/छुईखदान। शहीद नगरी छुईखदान नगर में 14 अप्रैल को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस अवसर पर बौद्ध समाज द्वारा विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अंबेडकर द्वारा गठित भारतीय बौद्ध महासभा के जिला अध्यक्ष संतोष कामड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि टिकरीपारा स्थित बुद्ध विहार में प्रातःकाल बुद्ध वंदना, त्रिशरण एवं पंचशील का पाठ किया जाएगा जहां बड़ी संख्या में बौद्ध उपासक-उपासिकाएं शामिल होंगे। इसके पश्चात शाम 4 बजे बाजे-गाजे के साथ भव्य पैदल रैली निकाली जाएगी जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मुख्य मार्ग स्थित शहीद पार्क के सामने पहुंचकर समाप्त होगी। रैली के दौरान बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर के विचारों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम की अगली कड़ी में शाम 7 बजे बौद्ध समाज के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध कलाकार पूनम तिवारी व दिव्या तिवारी की टीम द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा जो आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा। जिला अध्यक्ष संतोष कामड़े ने सर्व समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और डॉ.अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में सहभागी बनें।

Exit mobile version