छात्रावास में रसोइए का खूनी हमला, बालक घायल

सत्यमेव न्यूज कोरबा (छुरी)। प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास छुरी में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई जहां रसोइए केसर दुबे ने शराब के नशे में कक्षा छठवीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया। हमले में छात्र की आंख के ऊपर गंभीर चोट आई हालांकि वह बाल बाल बच गया। घटना के बाद प्रारंभिक स्तर पर मामले को दबाने की कोशिश की गई और रसोइए को केवल काम से हटाकर मामला शांत करने का प्रयास हुआ। लेकिन जानकारी जनप्रतिनिधियों तक पहुंचते ही उन्होंने हस्तक्षेप करते हुए कटघोरा थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। इधर छात्रावास के अन्य बच्चों ने भी रसोइए पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों के अनुसार वह अक्सर शराब के नशे में आता था मारपीट करता था और डराकर पैसे भी मांगता था। बताया जा रहा है कि मूल अधीक्षक की अनुपस्थिति और अतिरिक्त प्रभार की स्थिति का फायदा उठाकर वह लंबे समय से बच्चों को प्रताड़ित कर रहा था। घटना को लेकर जनप्रतिनिधियों ने ट्राइबल विभाग के अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषी पर सख्त कार्रवाई और छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। घायल छात्र का प्राथमिक उपचार के बाद घर पर इलाज जारी है।

Exit mobile version