छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परम्पराएं हमारी समाजिक पहचान- यशोदा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने खैरागढ़ विधानसभा के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी सहज सहभागिता दी है। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने ग्राम खमतराई, दिलीपपुर तथा सण्डी में आयोजित मानस गान एवं आध्यात्मिक आयोजनों में शामिल होकर क्षेत्र की समृद्धि एवं सुख शांति की कामना की। ग्राम खमतराई में आयोजित मानस गान कार्यक्रम में उन्होंने रामायण की चौपाइयों के माध्यम से मर्यादा सत्य और आदर्श जीवन मूल्यों का महत्व बताया वहीं ग्राम दिलीपपुर में आयोजित मानस गायन एवं टीका शैली सम्मेलन में पारंपरिक लोक कला की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक परंपराएं समाज की पहचान को जीवंत बनाए रखती हैं। ग्राम सण्डी में आयोजित मानस गान सम्मेलन में भी उन्होंने भाग लेकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ भगवान राम की आराधना में सम्मिलित हुईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मानस गान केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारे और सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि मानस मंडलियों के कलाकार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Exit mobile version