चौथिया जा रही बस को तेज रफ़्तार ट्रक ने मारी टक्कर, 17 बाराती घायल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जिला मुख्यालय से होकर जाने वाले डोंगरगढ़ मार्ग में खुर्सीपार चौक पर बारातियों से भरी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने ठोकर मार दी। बस में लगभग 40 बाराती सवार थे जिनमें से 17 लोग घायल हुए हैं। गनीमत इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और घायलों का उपचार सिविल अस्पताल खैरागढ़ में चल रहा है।

जानकारी अनुसार विवाह उत्सव में शामिल होने खैरागढ़ के ग्राम जुरलाकला से घुमका ब्लॉक के खैरा गांव चौथिया जा रही बस को एक तेज रफ़्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना शुक्रवार की शाम लगभग 6 बजे बढ़ईटोला से डोंगरगढ़ मार्ग में खुर्सीपार चौक में घटी है। जानकारी अनुसार 40 बारातियों को लेकर पास के ग्राम जुरलाकला से मोना ट्रैवल्स की बस क्रमांक (CG 08 AK 1667) खैरा (घुमका) चौथिया जाने निकली थी। जैसे ही बस खुर्सीपार चौक में पहुंची बढ़ाईटोला की ओर से आ रही ट्रक क्रमांक (MH 34 RG 7886) ने बस को टक्कर मार दी जिससे बस में सवार 17 लोग घायल हो गए है।

दुर्घटना के बाद बस में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों ने दुर्घटना के बाद किसी तरह घायलों को निजी वाहन से सिविल अस्पताल खैरागढ़ लाया जहां उनका इलाज जारी है। बस में सवार घायलों में जानवी रुपचंद साहू उम्र 33 वर्ष, दीक्षा साहू उम्र 12 वर्ष, पुरब साहू उम्र 8 वर्ष, प्रमिला साहू उम्र 61 वर्ष, लीला बाई साहू उम्र 55 वर्ष, रामसिंग साहू उम्र 27 वर्ष, शिक्षा साहू उम्र 14 वर्ष, दामनी साहू 17 वर्ष, मासी साहू उम्र 17 वर्ष, पिंकी साहू उम्र 27 वर्ष, हुमेश्वरी साहू उम्र 45 वर्ष, क्षमा साहू उम्र 24 वर्ष, सवित्री साहू 70 वर्ष व लक्षणी साहू उम्र 75 वर्ष सभी निवासी ग्राम जुरलाकला के बताये जा रहे है। बहरहाल घायलों की स्थिति सामान्य है और शेष लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

Exit mobile version