ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन- विक्रांत सिंह

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन और समग्र विकास को नई गति देने के उद्देश्य से विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) का जिला स्तरीय जनसम्मेलन सह शुभारंभ कार्यक्रम गुरुवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले के छुईखदान विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत श्यामपुर स्थित पान अनुसंधान केंद्र रामपुर नवागांव में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमकुमार पटेल के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने मिशन के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं संभावित लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी तथा रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित करेगी। इस अवसर पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने कहा कि जिले में मिशन का शुभारंभ ग्रामीण विकास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि मिशन के माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओं का प्रभावी अभिसरण कर विकास कार्यों में गति लाई जाएगी, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार होगा। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में यह मिशन प्रदेश में ग्रामीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के वर्ष 2047 के संकल्प को साकार करने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि मिशन के अंतर्गत रोजगारमूलक कार्यों को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण श्रमिकों को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी उपलब्ध कराई जाएगी साथ ही मजदूरी दर को 265 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों के भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह होगी। योजना के तहत पांच किलोमीटर की परिधि में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा तथा जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और अन्य स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। विक्रांत सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचे तथा इसका प्रभाव धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण कार्यों के माध्यम से जिले को ग्रामीण विकास का आदर्श मॉडल बनाया जाए। कार्यक्रम के दौरान नक्सल प्रभावित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित आवास की चाबी अतिथियों द्वारा सौंपकर गृह प्रवेश की शुभकामनाएं दी गई। इसके पश्चात अतिथियों ने पान अनुसंधान केंद्र का अवलोकन किया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष पुष्पा जंघेल, डॉ.राजेश्री त्रिपाठी, जिला भाजपा महामंत्री नवनीत जैन, जिला पंचायत सभापति ललित चोपड़ा, भुनेश्वरी देवांगन, मंडल भाजपा अध्यक्ष भावेश कोचर, महामंत्री रोशन चन्द्राकर, प्रेमनारायण चन्द्राकर, शैलेन्द्र त्रिपाठी, शैलेन्द्र मिश्रा, प्रकाश जंघेल, किरण गुप्ता, प्रेमलाल साहू, संदीप महोबिया, बलराम जंघेल, संदीप वैष्णव, पन्ना मंडावी, ज्योति साहू, राजू जंघेल, गोपी वर्मा, सज्जाक खान, अशोक साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Exit mobile version