
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में हिन्दी विभाग द्वारा महाप्राण पंडित सूर्यकांत त्रिपाठी निराला के साहित्य पर बेस्ट प्रेक्टिस के तहत कार्यक्रम संपन्न हुआ।
हिन्दी के प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास द्वारा तर्पण कार्यक्रम के तहत निराला के वृतचित्र का अवलोकन शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों द्वारा किया गया। विश्वविद्यालय के राजकुमारी उषा देवी ग्रंथालय में आयोजित इस साहित्यिक आयोजन में कला संकाय की अधिष्ठाता प्रो.मृदुला शुक्ल ने निराला रचित कहानियों और उपन्यासों की चर्चा की व उन्होंने सरोज स्मृति को हिन्दी की नहीं अपितु भारतीय भाषाओं का प्रथम शोकगीत बताया। हिन्दी विभाग के अध्यक्ष प्रो.डॉ.राजन यादव ने निराला की प्रसिद्ध रचनाएं वह तोड़ती पत्थर, संध्या सुंदरी, जूही की कली, राम की शक्ति पूजा इत्यादि का उल्लेख करते हुये कहा कि निराला 20वीं सदी के महत्वपूर्ण कवि माने जाते हैं। सहायक ग्रंथपाल एवं इन्फॉर्मेशन साइंटिस्ट डॉ.जे.मोहन ने विश्वविद्यालय ग्रंथालय में निराला ग्रंथावली एवं निराला सम्बन्धी समस्त पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाकर विद्यार्थियों को जानकारी दी उन्होंने निराला की पंक्तियों को आकर्षक ढंग से डिजाइन कर डिस्प्ले भी किया। इस आयोजन में हिन्दी विभाग के शोधार्थी सरिता पटेल, सविता वैष्णव, चांद शेख, कृष्ण कुमार नेताम, रामेश्वरी महिलांगे के अलावा स्नातक एवं स्नातकोत्तर के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस आयोजन को सफल बनाने में सभ्यसाची सिंह एवं खुशबू मिश्र का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार व्यक्त हिन्दी साहित्य परिषद के अध्यक्ष दिव्या ब्रह्मभट्ट ने किया।