आरोपी डोंगरगढ़ से खैरागढ़ की ओर ला रहे थे मादक पदार्थ
पुलिस ने अमलीडीह के पास घेराबंदी कर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा
कब्जे से गांजा, स्कूटी और मोबाइल सहित 2.50 लाख रुपये का कुल सामान जब्त
खैरागढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खैरागढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.210 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार 19 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भूरे रंग की स्कूटी क्रमांक सीजी 07 -एलडबल्यू- 5782 में दो व्यक्ति गांजा लेकर डोंगरगढ़ की ओर से ढारा-भंडारपुर होते हुए खैरागढ़ आ रहे हैं। इस मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर पुलिस टीम ने ग्राम अमलीडीह के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए की स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। स्कूटी चालक की पहचान युवराज साहू (31) पिता धनुक राम साहू तथा पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान पुखेन्द्र साहू (18) पिता पुष्पेन्द्र साहू, दोनों निवासी ग्राम सिवनीकला, थाना मोहारा डोंगरगढ़ जिला राजनांदगाँव के रूप में हुई। मामले में पुलिस ने नियमानुसार एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत नोटिस देकर तलाशी की कार्रवाई की। इस दौरान स्कूटी की डिक्की और सीट के नीचे रखे चार पैकेटों से कुल 4.210 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है वहीं स्कूटी की कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। मामले में थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 426/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को 19 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। अवैध रूप से मादक पदार्थ बिक्री को लेकर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
