खैरागढ़ में 30 दिवसीय हाउस वायरिंग प्रशिक्षण सम्पन्न

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी), खैरागढ़ में आयोजित 30 दिवसीय आवासीय हाउस वायरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। प्रशिक्षण के दौरान 20 युवाओं ने विद्युत वायरिंग से जुड़े तकनीकी पहलुओं का गहन अध्ययन किया तथा सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। समापन समारोह में एलडीएम एवं प्रभारी निदेशक सी. एस. ठाकुर ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि प्राप्त कौशल का उपयोग कर वे स्वरोजगार के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर भी हासिल कर सकते हैं। उन्होंने सुरक्षित गुणवत्तापूर्ण एवं मानकों के अनुरूप विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया है। कार्यक्रम में डोमेन स्किल ट्रेनर कौलेश्वर साहू, फैकल्टी ओम जी मिश्रा एवं अभिषेक तिवारी तथा कार्यालय सहायक संतोष कुमार कार्की उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के अंत में डोमेन एसेसर सतयन पिल्लई और ईडीपी एसेसर जे. बसवराज ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन एवं प्रमाणीकरण की प्रक्रिया संपन्न कराई। एसबीआई आरसेटी के अधिकारियों ने बताया कि संस्थान समय-समय पर रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को तकनीकी कौशल प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

Exit mobile version