
जनप्रतिनिधियों संग भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया कॉलोनी का अवलोकन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। बढ़ती आबादी और महंगे होते आवासीय विकल्पों के बीच पंडित दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी मध्यम एवं निम्न-मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए राहत का माध्यम बनकर उभरी है। किफायती लागत में सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराने की इस पहल को क्षेत्र में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। कॉलोनी का हाल ही में विभिन्न जनप्रतिनिधियों सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने अवलोकन किया। इस दौरान टीम ने कॉलोनी की आधारभूत सुविधाओं निर्माण गुणवत्ता और रहवासियों की आवश्यकताओं का जायजा लियाहै। प्रतिनिधिमंडल ने परिसर का भ्रमण कर निवासियों से सीधे संवाद भी किया। निरीक्षण के दौरान कॉलोनी में विकसित की गई अधोसंरचनात्मक सुविधाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। आवासीय इकाइयों का निर्माण व्यवस्थित ढंग से किया गया है तथा सड़कों विद्युत व्यवस्था और अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। कॉलोनी के भीतर पक्की सड़कें और सुगम आवागमन की व्यवस्था निवासियों को बेहतर जीवनशैली प्रदान कर रही है। अवलोकन दल ने बताया कि वर्तमान समय में आवास खरीदना आम परिवारों के लिए चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। ऐसे में यह परियोजना सीमित आय वाले परिवारों को अपना घर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित सम्मानजनक और सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराना है। स्थानीय निवासियों ने भी कॉलोनी में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। उनका कहना है कि पानी बिजली और अन्य मूलभूत सेवाओं की व्यवस्था बेहतर तरीके से की जा रही है जिससे परिवारों को सुविधाजनक वातावरण मिल रहा है। अवलोकन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा शेष विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उनका मानना है कि परियोजना के पूर्ण विकसित होने के बाद और अधिक परिवारों को इसका लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में नियोजित आवासीय विकास को नई गति मिलेगी। कॉलोनी के अवलोकन के दौरान भाजपा नेता विकेश गुप्ता, नन्द चंद्राकर, पार्षद एवं सभापतिगण विनय देवांगन, महेश गिरी, शशांक ताम्रकार, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, महिला पार्षद देविन कोठले, वरिष्ठ भाजपा नेत्री नीलिमा गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।