खैरागढ़ में सड़क हादसा: वेसलियन स्कूल की शिक्षिका गंभीर रूप से घायल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर के किलापारा क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में वेसलियन स्कूल खैरागढ़ में पदस्थ शिक्षिका श्रीमती मर्सी बचईया (लगभग 45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। वे अपने पुत्र रॉबी बचईया के साथ निजी दोपहिया वाहन से स्कूल जा रही थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 9 बजे किलापारा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास अचानक उनकी साड़ी का पल्लू दोपहिया वाहन के पिछले पहिए में फंस गया। इससे संतुलन बिगड़ने पर वे तेज रफ्तार में सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। विशेष रूप से सिर के बाएं हिस्से में गंभीर चोट बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षिका को तत्काल जिला सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोट को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स रायपुर रेफर कर दिया। वर्तमान में उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) पर रखा गया है।
बताया जाता है कि दाऊचौरा निवासी मर्सी बचईया अपने सरल और सहज स्वभाव के कारण शिक्षकों व विद्यार्थियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय हैं। उनके दुर्घटनाग्रस्त होने और हालत गंभीर होने की खबर से वेसलियन स्कूल सहित पूरे शिक्षक समुदाय में गहरा दुख व्याप्त है। शिक्षकों व परिचितों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए प्रार्थना की है। इस घटना के बाद दोपहिया वाहनों पर बैठते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता पर भी चर्चा तेज हो गई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Exit mobile version