खैरागढ़ में नेता प्रतिपक्ष को लेकर राजनीतिक घमासान जारी, दीपक देवांगन ने किया तीखा प्रहार


सत्यमेव न्यूज के लिए मनोहर सेन खैरागढ़ l नगर पालिका परिषद खैरागढ़ में नेता प्रतिपक्ष पद को लेकर राजनीतिक उठापटक और सियासी घमासान के बीच वर्तमान नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन ने कड़ा बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा किसी भी प्रकार की बैठक पार्षदों को नहीं बुलाई गई और उन्हें भी बैठक की कोई जानकारी नहीं दी गई। स्वयं पार्षदों से संपर्क करने पर भी उन्होंने बैठक होने से साफ इंकार किया। दीपक देवांगन ने आरोप लगाया कि कुछ पार्षदों से कोरे लेटर पैड पर घर जाकर हस्ताक्षर करवाए गये जबकि कई पार्षदों ने उनके पद परिवर्तन की जानकारी से साफ इनकार किया। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात करने की बात कही। उन्होंने शहर कांग्रेस अध्यक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे हो गये लेकिन संगठन की ओर से अब तक कोई विरोध प्रदर्शन नहीं किया गया। नगर पालिका में भाजपा सरकार होने के बावजूद आज तक कोई विरोध दर्ज नहीं हुआ। दीपक देवांगन ने जोर देकर कहा कि वे लगातार जनहित विकास और आम जनता की आवाज बनकर काम कर रहे हैं, और कुछ कांग्रेस नेता अपनी गिरती लोकप्रियता छुपाने के लिए सियासी उठापटक कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी लड़ाई सड़कों से लेकर सदन तक जारी रहेगी। क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने भी कहा कि उनकी जानकारी के बिना बैठक कर दीपक देवांगन को हटाने की घोषणा अनुचित है। वर्तमान में दीपक देवांगन ही नेता प्रतिपक्ष का दायित्व संभालेंगे।
दीपक देवांगन ने स्पष्ट किया कि उनके साथ यह व्यवहार केवल इसलिए किया जा रहा है क्योंकि वे विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के करीबी हैं और शहर कांग्रेस अध्यक्ष का व्यक्तिगत विरोध एवं व्यावसायिक मतभेद इस प्रक्रिया के पीछे हैं।

Exit mobile version