
महंगाई और अफीम खेती के मुद्दे पर पीएम मोदी का किया पुतला दहन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर रविवार को जिला मुख्यालय खैरागढ़ में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई विशेषकर एलपीजी गैस सिलेंडरों की कीमतों में वृद्धि और दुर्ग जिले के समोदा गांव में कथित रूप से बड़े पैमाने पर अफीम की खेती के मामले को लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का मुक्की की स्थिति भी बनी रही।
प्रदर्शन करने अंबेडकर चौक में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता
जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू के नेतृत्व में किसान कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस और शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता अंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने झंडे बैनर के साथ केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि प्रदेश में अवैध नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और सरकार इस पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल साबित हो रही है। जब कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन के लिए आगे बढ़ने का प्रयास किया तो मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया और काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
पत्रकार वार्ता में महंगाई और नीतियों पर हमला
प्रदर्शन के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने केंद्र सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने और आम जनता को राहत देने का वादा किया था लेकिन पिछले दस वर्षों में महंगाई लगातार बढ़ती गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115 रुपये बढ़ाकर आम लोगों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया गया है।
अफीम खेती को लेकर उठाए गंभीर सवाल
दुर्ग जिले के समोदा गांव में कथित तौर पर साढ़े नौ एकड़ भूमि में अफीम की खेती मिलने के मामले का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेताओं ने इसे गंभीर और चिंताजनक बताया। कोमल साहू ने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर अफीम की खेती बिना राजनीतिक संरक्षण के संभव नहीं है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया और इस मामले में कठोर कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस आने वाले दिनों में और व्यापक आंदोलन करेगी।
कई वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
विरोध प्रदर्शन और पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा, जनपद सदस्य हेमकल्याणी तोड़े, ब्लॉक अध्यक्ष रामकुमार पटेल, संदीप सिरमौर, मन्नू चंदेल, शहर अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, विजय वर्मा, आकाश दीप सिंह, भिखम छाजेड़, देवराज किशोर दास, जितेंद्र सिंह गौर, राजा सोलंकी, रिंकू गुप्ता, विप्लव साहू, यतेंद्र जीत सिंह, हिमाचल राजपूत, नदीम मेमन और रानू खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।