खैरागढ़ में एफपीओ के जरिए किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की हुई पहल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के ग्राम देवारीभाठ स्थित डीपीआरसी भवन में कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा किया गया। इसमें कृषि विभाग जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा स्थानीय किसान उत्पादक संगठनों का सहयोग रहा। कार्यशाला में जिले के किसान उत्पादक संगठनों धान मिल संचालकों खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों से जुड़े उद्यमियों तथा प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को मोटे अनाज ताजे फल सब्जियों और अन्य कृषि उत्पादों के निर्यात की संभावनाओं से अवगत कराया गया। विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए गुणवत्ता नियंत्रण आकर्षक पैकेजिंग और आवश्यक प्रमाणन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। विशेषज्ञों ने किसानों को सामूहिक उत्पादन प्रणाली अपनाने तथा एफपीओ के माध्यम से उत्पादों का प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन करने की सलाह दी। जैविक कृषि उत्पादों के निर्यात के लिए आवश्यक प्रमाणन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई जिससे किसानों को वैश्विक स्तर पर बेहतर मूल्य मिल सके कार्यक्रम में मौजूद विशेषज्ञों ने किसानों को निर्यात से पूर्व उत्पादों की गुणवत्ता जांच लेबलिंग मानकों का पालन तथा पोषण संबंधी विवरण प्रदर्शित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही समूह आधारित खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता और अनुदान संबंधी जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के प्रयासों से जिले में निर्यात उन्मुख कृषि को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों की आमदनी में सकारात्मक वृद्धि संभव हो सकेगी।

Exit mobile version