खैरागढ़ में एआई समर कैंप कार्यशाला संपन्न, छात्रों को मिली भविष्य की तकनीक की समझ

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पीएमश्री डॉ.पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी विद्यालय में ‘समर कैंप 2026’ के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर एक विशेष ज्ञानवर्धक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्र के छात्रों को आधुनिक तकनीक से परिचित कराना और उनकी डिजिटल समझ को मजबूत करना रहा। कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित विद्यालय के अध्यक्ष शशांक ताम्रकार ने सरल भाषा में छात्रों और शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल अवधारणा समझाई। शशांक ने बताया कि एआई किस प्रकार हमारे दैनिक जीवन को प्रभावित कर रही है और भविष्य में इसकी क्या संभावनाएँ हैं। सत्र में एआई सीखने का एक स्पष्ट रोडमैप भी प्रस्तुत किया गया जिसमें चार प्रमुख चरण यथा खोजना (Explore), तार्किक सोच विकसित करना (Logic), निर्माण करना (Create) और समस्याओं का समाधान करना (Solve) को विस्तार से समझाया गया। साथ ही Google Teachable Machine जैसे आधुनिक टूल्स के उपयोग पर भी जानकारी दी गई।

कार्यशाला में छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इंटरएक्टिव सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे जिनका प्रशिक्षक ने सहजता से समाधान किया। गौरतलब हो कि यह आयोजन क्षेत्र के विद्यार्थियों में तकनीकी दृष्टिकोण विकसित करने और उन्हें डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Exit mobile version