खैरागढ़ में आभूषण विक्रेताओं के लिये ज्वेलर्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बीआईएस रायपुर द्वारा दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) रायपुर द्वारा सोमवार को जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में आभूषण विक्रेताओं के लिए ज्वेलर्स जागरूकता कार्यक्रम का महती आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आभूषण व्यापार से जुड़े विक्रेताओं को बीआईएस मानकों, हॉलमार्किंग एवं लाइसेंसिंग प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना तथा उपभोक्ताओं को मानक अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण आभूषण उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग प्रदान करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मानक ब्यूरो के वैज्ञानिक-ई/निदेशक एवं प्रमुख सुमन कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा मानकों की समझ विकसित करने में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर बीआईएस के वैज्ञानिक-बी/सहायक निदेशक दीपक कुमार साहू ने बीआईएस हॉलमार्किंग योजना पर प्रस्तुति दी। उन्होंने सोने एवं चांदी की मिश्र धातुओं के प्रकार, आभूषणों एवं कलाकृतियों की शुद्धता, ग्रेड एवं गुणवत्ता मानकों से संबंधित जानकारी को सरल एवं विस्तृत रूप में साझा किया वहीं ब्रांच हॉलमार्किंग रिप्रेजेंटेटिव योगेन्द्र कुमार ने बीआईएस लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की व्यावहारिक जानकारी दी। कार्यक्रम में केसीजी सराफा एसोसिएशन के वरिष्ठ व्यवसायी अशोक जैन मुणोत, जिलाध्यक्ष संजय बरड़िया, खैरागढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष जय डाकलिया सहित जिले के 35 से अधिक आभूषण विक्रेताओं ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने आभूषण व्यापार में मानकीकरण, पारदर्शिता एवं उपभोक्ता विश्वास को सुदृढ़ करने के लिए बीआईएस मानकों के अनुपालन पर जोर दिया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों की निरंतरता की अपेक्षा जताई।

Exit mobile version