
प्रशासन ने बाल विवाह मुक्ति के लिए आमजनों से मांगी आपत्तियां
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में बाल विवाह के विरुद्ध एक अहम पहल के तहत प्रशासन ने 128 ग्राम पंचायतों और नगर पालिका परिषद खैरागढ़ को बाल विवाह मुक्त घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आम नागरिकों सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से 7 दिनों के भीतर दावा आपत्ति प्रस्तुत करने का आह्वान किया है। महिला एवं बाल विकास विभाग के दिशा निर्देशों के अनुसार चलाए जा रहे इस अभियान में उन क्षेत्रों को शामिल किया गया है जहां पिछले दो वर्षों में बाल विवाह का कोई मामला सामने नहीं आया है। विभाग द्वारा प्राप्त अभिलेखों और संबंधित संस्थाओं के दस्तावेजों का परीक्षण पूरा कर लिया गया है जिसमें इन क्षेत्रों को बाल विवाह मुक्त होने की पुष्टि मिली है।प्रशासन का कहना है कि प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए अंतिम घोषणा से पहले लोगों को अपनी आपत्तियां या अतिरिक्त जानकारी देने का अवसर दिया जा रहा है। निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राप्त सभी दावा आपत्तियों का परीक्षण किया जाएगा। यदि जांच के दौरान कोई आपत्ति सही नहीं पाई जाती है तो चयनित ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों को औपचारिक रूप से बाल विवाह मुक्त घोषित कर प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। यह पहल जिले में बाल विवाह उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।