
अमलीडीह खुर्द के ईमरान खान की बैल जोड़ी रही प्रथम
बैल दौड़ देखने बारिश के बावजूद फतेह मैदान में बना रहा उत्साह
फुटबाल के मैत्री मैच ने भी खेल प्रेमियों के बीच भरा उत्साह
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ऐतिहासिक पोला पर्व पर गुरुवार को लाल फतेह सिंह मैदान में आयोजित पारंपरिक बैल दौड़ प्रतियोगिता में बारिश के व्यवधान के बावजूद हजारों दर्शकों की भीड़ उमड़ी। नगर पोला उत्सव समिति एवं न्यू दंतेश्वरी स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में लगातार 43वें वर्ष आयोजित प्रतियोगिता में इस बार रिकॉर्ड 48 बैल जोड़ियों ने हिस्सा लिया। खैरागढ़ सहित आसपास के गांवों और जिलेभर से लोग प्रतियोगिता देखने पहुंचे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत केसीजी उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने की। इस दौरान भाजपा एवं कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
खैरागढ़ की बैल दौड़ की प्रदेश में विशिष्ट पहचान- विक्रांत
मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने कहा कि पोला पर्व पशुधन, कृषि और प्रकृति से जुड़ा महत्वपूर्ण लोकपर्व है। खैरागढ़ में 43 वर्षों से आयोजित हो रही बैल दौड़ ने पूरे छत्तीसगढ़ में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने आयोजन समिति के निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पोला पर्व पर होने वाला यह आयोजन नगर के सबसे बड़े पारंपरिक आयोजनों में शामिल है जिसमें बड़ी संख्या में लोग स्वस्फूर्त शामिल होते हैं।
ईमरान की बैल जोड़ी रही अव्वल
बैल दौड़ में अमलीडीह खुर्द के ईमरान खान की बैल जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें 11 हजार रुपए नगद एवं कृषि सामग्री प्रदान की गई। मुस्का के श्याम साहू की जोड़ी दूसरे स्थान पर रही जिन्हें 7 हजार रुपए और कृषि सामग्री मिली। अमलीडीह खुर्द के बिट्टू खान की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही और उन्हें 5 हजार रुपए एवं कृषि सामग्री प्रदान की गई वहीं स्वस्थ बैल के लिए पिपरिया के छोटा खान तथा आकर्षक सजावट के लिए धरमपुरा के राजू सिन्हा की बैल जोड़ी को चुना गया। दोनों को 3100-3100 रुपए नगद एवं कृषि सामग्री देकर सम्मानित किया गया। सभी 48 प्रतिभागी बैल जोड़ी मालिकों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
फुटबॉल में खैरागढ़ ने डोंगरगढ़ को 2-0 से हराया
बैल दौड़ से पहले खैरागढ़ और डोंगरगढ़ के बीच मैत्री फुटबॉल मैच हुआ। न्यू दंतेश्वरी स्पोर्टिंग क्लब खैरागढ़ ने शिवांश बहादुर सिंह और शशांक श्रीवास्तव के गोल की बदौलत डोंगरगढ़ को 2-0 से पराजित किया। मैच देखने भी बड़ी संख्या में युवा और फुटबॉल प्रेमी पहुंचे।
फतेह मैदान में सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
बड़े जनसमूह को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। एसपी लक्ष्य शर्मा के मार्गदर्शन में एसडीओपी आशा रानी, थाना प्रभारी अनिल शर्मा, एसआई बिलकस बेगम सहित पुलिस बल तैनात रहा। आयोजन को सफल बनाने में लोक निर्माण, वन विभाग सहित अन्य विभागों ने भी सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव प्रबल खत्री ने किया जबकि अध्यक्ष सुशीलकांत पांडे ने आभार जताया।