खैरागढ़ के दिलीपपुर में जीवन बचाने पहली बार होगा रक्तदान शिविर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। केसीजी जिले के ग्राम पंचायत दिलीपपुर में पहली बार विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन रविवार 11 जनवरी 2026 किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर पूरे ग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। इस शिविर का आयोजन समस्त ग्रामवासी दिलीपपुर एवं छात्र युवा मंच राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। पहली बार ग्राम के युवाओं, बुजुर्गों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर समाज हित में ऐसा बड़ा कदम उठाया है, जो निश्चित रूप से आने वाले समय में अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। यह शिविर केवल रक्त संग्रह का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह मानवता, सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन है। वर्तमान समय में रक्त की कमी एक गंभीर समस्या बनती जा रही है, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत दिलीपपुर में इस विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

Exit mobile version