खैरागढ़ के डोमेश देवांगन का एमबीबीएस में चयन, रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में मिली प्रवेश की सफलता

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। दाऊचौरा वार्ड क्रमांक 16 निवासी मेधावी छात्र डोमेश देवांगन ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एमबीबीएस पाठ्यक्रम में चयन हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। डोमेश का चयन शासकीय मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में हुआ है। उन्होंने प्रवेश परीक्षा में 535 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की। डोमेश देवांगन को शुरू से ही पढ़ाई के प्रति लगनशील और प्रतिभावान विद्यार्थी के रूप में जाना जाता रहा है। उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं डोमेश की उपलब्धि से खैरागढ़ शहर में भी हर्ष का वातावरण है। परिजनों और शुभचिंतकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी है। डोमेश, मदन देवांगन के पोते एवं दिनेश देवांगन के सुपुत्र हैं। उनकी सफलता पर वार्ड पार्षद विनय देवांगन उनके निवास पहुंचे और डोमेश सहित उनके परिवार का सम्मान कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डोमेश की मेहनत और सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। इस अवसर पर प्रधान पाठक रूपेश देवांगन भी उपस्थित रहे। उन्होंने डोमेश को बधाई देते हुए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने और भविष्य में समाज एवं क्षेत्र की सेवा करने की शुभकामनाएं दीं। डोमेश देवांगन की इस उपलब्धि पर परिजनों शुभचिंतकों और वार्डवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Exit mobile version