खैरागढ़ के आमदनी चौक में हुई चाकूबाजी, युवक की हालत गंभीर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला मुख्यालय से समीपस्थ ग्राम आमदनी के चौक में आपसी विवाद के बाद चाकूबाजी की गंभीर घटना हुई है। मामूली कहासुनी के दौरान एक युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया जिससे घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार सिगारघाट निवासी राजू साहू देवरी की ओर से वापस लौट रहा था। इसी दौरान आमदनी चौक के पास उसकी मुलाकात 38 वर्षीय वृंदावन यादव से हो गई। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया जो कुछ ही देर में गाली गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान गुस्से में आकर राजू साहू ने चाकू से वृंदावन यादव के पेट पर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत खैरागढ़ के अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले में उसे गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू की। घेराबंदी कर राजू साहू को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की तबीयत भी ठीक नहीं है इसलिए पुलिस निगरानी में उसका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version