खैरागढ़ की मयूरी सिंह बनीं युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कांग्रेस संगठन में महिला नेतृत्व को और अधिक सशक्त करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए पार्टी अध्यक्ष ने ऑल इंडिया महिला कांग्रेस के महासचिव, सचिव एवं राष्ट्रीय संयोजक पदों पर की गई नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। इस संगठनात्मक विस्तार में छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ को भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिला है। खैरागढ़ राज परिवार निवासी मयूरी सिंह को ऑल इंडिया महिला कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ये नियुक्तियां संगठन को मजबूती देने व महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और आगामी राजनीतिक रणनीति को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से की गई हैं। नव नियुक्त पदाधिकारियों की सूची भी जारी कर दी गई है जिनसे महिला कांग्रेस के कार्यों को जमीनी स्तर तक और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई गई है। सुश्री मयूरी की नियुक्ति को लेकर खैरागढ़ सहित पूरे जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जिला कांग्रेस संगठन, महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि मयूरी सिंह लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ी रही हैं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका रही है जिसका लाभ अब पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि ऑल इंडिया महिला कांग्रेस में गठित यह नई टीम संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। महिलाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और आगामी चुनावी चुनौतियों में पार्टी की भूमिका को और अधिक प्रभावशाली बनाएगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार इन नियुक्तियों से न केवल संगठनात्मक ढांचा मजबूत होगा बल्कि जमीनी स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ेगा।

Exit mobile version