खाद संकट को लेकर विप्लव का भाजपा पर प्रहार, कहा- किसानों को परेशान कर रही सरकार

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच जिले में खाद की कमी को लेकर कांग्रेस नेता विप्लव साहू ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि किसान खेती की तैयारी में जुटे हैं लेकिन खाद नहीं मिलने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विप्लव साहू ने आरोप लगाया कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की अधिकांश सहकारी समितियों में खाद उपलब्ध नहीं है। किसान लगातार सोसायटियों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उन्हें एक बोरी खाद तक नहीं मिल पा रही है। साथ ही समितियों के पास खाद की आपूर्ति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी भी नहीं है। उन्होंने कहा कि मानसून आने से पहले किसान खेतों की तैयारी में लगे हुए हैं। गांवों में खरीफ फसल को लेकर गतिविधियां तेज हो चुकी हैं लेकिन खाद संकट ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। विप्लव साहू ने खुले बाजार और निजी विक्रेताओं द्वारा खाद वितरण में लागू नियमों पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि किसानों से बी-1, नक्शा और खसरा जैसे दस्तावेज अनिवार्य रूप से मांगे जा रहे हैं जिससे उन्हें अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से परेशान किसान लंबी कतारों में खड़े होकर खाद लेने मजबूर हैं जबकि सरकार इस समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है। श्री साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते सोसायटियों में खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो इसका असर खरीफ फसलों की पैदावार पर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल करने की मांग की है।

Exit mobile version