
मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत हुई कार्रवाई
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस की यातायात शाखा खैरागढ़ द्वारा खतरनाक एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शुक्रवार को दो मालवाहक वाहनों पर कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने जांच के दौरान दोनों वाहनों को सड़क पर लहराते हुए और खतरनाक तरीके से चलते पाया। इस पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत दोनों वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया है। प्रत्येक वाहन चालक पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार दो प्रकरणों में कुल 10 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की समझाइश भी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ओवरस्पीडिंग स्टंटबाजी और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी क्योंकि इससे आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ती है। जिला पुलिस केसीजी ने बताया कि सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।