कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में खैरागढ़ विश्वविद्यालय का छात्र प्रथम

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता कलर ऑफ जॉय 2024 जो बर्जर पेंट द्वारा आयोजित थी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के छात्र गौतम कुमार ने हिस्सा लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। छात्र गौतम हजारीबाग झारखंड का निवासी है जो विश्वविद्यालय में चित्रकला एम.एफ.ए. अंतिम वर्ष का छात्र है। प्रतियोगिता में गौतम ने विभिन्न चित्रकारी का प्रदर्शन किया जिसे प्रथम स्थान दिया गया। आयोजन समिति द्वारा छात्र गौतम को उनकी उपलब्धि पर पुरस्कार स्वरूप एक लाख रूपये की राशि तथा मोमेंटो प्रदान किया गया। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय विभिन्न कलाओं के क्षेत्र में नया आयाम गढ़ रहा है जिसका लाभ यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों को किसी न किसी रूप में मिल रहा है। छात्र अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न आयोजनों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भी कर रहे हैं और कला जगत में अपना नाम रौशन कर रहे हैं। छात्र की उपलब्धि पर कुलपति प्रो.लवली शर्मा ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुये कहा कि यह विश्वविद्यालय न केवल अपने शिक्षण व प्रशासनिक व्यस्था के लिये भारत में विख्यात है वरन विद्यार्थियों की लगन, मेहनत व प्रशिक्षण से विश्वविद्यालय अलग ही ऊंचाइयों को छू रहा है। संगीत के विद्यार्थी मुंबई जैसे महानगरों में जाकर अपनी कला का प्रदर्शन कर उम्दा कलाकार बन रहे हैं। छात्र गौतम ने चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है।

Exit mobile version