
गंडई छुईखदान और खैरागढ़ में हुआ जोरदार अभिनंदन कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
सत्यमेव न्यूज के लिए आकाश तिवारी खैरागढ़ । कौशल विकास तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में प्रथम आगमन ऐतिहासिक रहा। मंत्री बनने के बाद पहली बार जिले में पहुंचे श्री साहेब का भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। गंडई छुईखदान और खैरागढ़ में स्वागत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जहां कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ और मालाओं से उनका अभिनंदन किया। खैरागढ़ के भाजपा जिला कार्यालय (पिपरिया) में आयोजित स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी।
विकास कार्यों को नहीं रोकने देंगे खुशवंत साहेब
अपने संबोधन में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि जिले के विकास में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे लगातार जिले में आते रहेंगे और हर विकास कार्य की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ विधानसभा के छाया विधायक विक्रांत सिंह के साथ मिलकर जिले की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुँचाया जाएगा।
मंत्री ने राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को एकमुश्त अंतर राशि प्रदान करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों का पक्का मकान का सपना पूरा हुआ है और महतारी वंदन योजना से प्रदेश की महिलाओं को हर माह 1000 रुपये मिल रहे हैं जिससे उन्हें सम्मान और संबल प्राप्त हुआ है।
विक्रांत सिंह ने भी जताया आभार
स्वागत समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनहित में कार्य कर रही है और आने वाले समय में केसीजी जिला विकास मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा।
भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू, घम्मन साहू, टीके चंदेल, डॉ. राजेश्री त्रिपाठी, पुष्पा वर्मा, दिनेश वर्मा, ललित चोपड़ा, गिरजा चंद्राकर, अरुणा बनाफर, नीलिमा गोस्वामी, देवीन कोठले, अनिल अग्रवाल, आयश सिंह, चंदू वर्मा, लखन साहू, कोमल वर्मा, चंद्रकांत जायसवाल, भावेश कोचर, देवकुमार सेन, हरप्रसाद वर्मा, आकेश बर्मन, श्यामसुंदर साहू, दिलेश्वर यदु सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह और ऊर्जा के साथ हुआ। जिले में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का यह प्रथम आगमन कार्यकर्ताओं और जनता के लिए अविस्मरणीय रहा।